
लखनऊ । लखनऊ काकोरी के शिवरी कूड़ा प्लांट रोड स्थित बंद पड़ी तेल फैक्ट्री में बुजुर्ग की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विदित हो कि शुक्रवार की सुबह शिवरी कूड़ा प्लाट स्थित बंद तेल की फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी कर रहे लखन की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। काकोरी पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फोरोंसिक टीम की मदद से घटना स्थल की जांच पड़ताल की। वहीं मृतक के भाई प्रेम ने बताया कि उनके भाई लखन (55) एक साल से तेल की फैक्ट्री में पांच हजार रुपए की नौकरी करते थे। फैक्ट्री लगभग तीन साल से बंद पड़ी थी। फैक्ट्री बंद होने के बाद फैक्ट्री के अंदर लाखों रुपए का सामान पड़ा हुआ था। जिसकी देखरेख करने के लिए फैक्ट्री मालिक ने लखन को रखा था। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए सौरभ उर्फ टन्ना पुत्र गंगाराम, अभिषेक पुत्र राजेन्द्र एवं सूरजबली पुत्र राजाराम निवासीगण निवासी लोखडियाखेड़ा थाना काकोरी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि एक फरवरी को दोपहर 2 बजे पुरैना ठेके पर शराब पी उसके बाद शिवरी कूड़ा प्लांट पर आकर भी शराब पिया और वहीं पर अभिषेक ने कहा कि मेरे दादा लखन अपनी पुस्तैनी जमीन अपनी बहन को देना चाहते है। क्योंकि उनके कोई औलाद नहीं है उन्होंने शादी नहीं की है। ऐसे में हमें कुछ नहीं मिलेगा मैं तुम दोनों को एक-एक लाख रूपये दूंगा चलो आज मिलकर उनको मार डालते है, इसके बाद हम तीनों घुरघुरी तालाब पर आये तथा वहां से अंग्रेजी शराब की एक बोतल खरीदी क्योंकि लखन देशी शराब नहीं पीते है। अंग्रेजी शराब लेकर हम तीनों लोग तेल फैक्ट्र पर आये अंदर लखन मौजूद थे फैक्ट्री का बड़ा व छोटा गेट अंदर से बंद था, तो अभिषेक ने लखन को दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई अंदर से लखन के पूछा की कौन हो तो अभिषेक ने अपना परिचय देते हुए लखन से फैक्ट्री का गेट खुलवाया। जिसके बाद तीनों अंदर गये और हम चारों लोगों ने एक साथ मिलकर शराब पी जब लखन अधिक नशे में हो गये तब अभिषेक ने गमछे का फंदा बनाकर गला घोटकर शाम 6.30 बजे लखन की हत्या कर दी। लोगों को कोई शक न हो इसलिए अंदर पड़े लोहे के पाइप से बाउण्ड्री से बाहर फेंक कर मौके से मेन गेट का ताला तोड़कर फरार हो गये। पुलिस की माने तो आरोपी सूरज बली के खिलाफ वर्ष 2014 में भी एक हत्या का मुकदमा दर्ज है।



