
लखनऊ। चिनहट में बहन के साथ किराए के मकान में रह रहे पॉलिटेक्निक के छात्र का शव फंदे से लटका मिला। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने जांच की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक छात्र अतुल यादव (22) बाराबंकी के सफेदाबाद स्थित सेठ विशंभर दास सिंह विश्वविद्यायल से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। अतुल अपनी छोटी बहन रिंकी यादव के साथ चिनहट के शिवनगर इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। जो की मूलरूप से गोण्डा के मनकापुर का रहने वाला था। इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक रिंकी शुक्रवार को सुबह अपने कॉलेज चली गई। कमरे में अतुल अकेला था। दोपहर में मकान मालिक चन्द्रभूषण कमरे में गए तो अतुल को पंखे से रस्सी के फंदे के सहारे लटका देखा। आसपास के लोगों की मदद से उसे फंदे से उतारकर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता राजकिशोर सऊदी अरब में रहते हैं। वहीं भाई सत्येन्द्र का कहना है कि अतुल ने कभी कोई परेशानी नहीं बताई। उसे कोई दिक्कत होती तो रिंकी को जरूर इस बारे में पता होता। मामले की जांच की जाए, तभी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। अभी इस मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



