
लखनऊ। थाना गाजीपुर क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पुलिस ने सकुशल गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चैन के टुकड़े, चोरी की स्कूटी और अवैध असलहे बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 21/22 फरवरी 2026 की रात थाना गाजीपुर पुलिस और लखनऊ पूर्वी जोन की क्राइम ब्रांच टीम सर्वोदय नगर बंधा रोड पर संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मु0अ0सं0 66/2026 धारा 304(2) बीएनएस में वांछित दो आरोपी घटना में प्रयुक्त स्कूटी से कल्याण अपार्टमेंट की ओर से शक्ति नगर ढाल की तरफ आ रहे हैं।
पुलिस टीम ने बंधा रोड स्थित मजार के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में संदिग्ध स्कूटी सवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों हड़बड़ाहट में स्कूटी समेत गिर पड़े। इसी दौरान पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पीछे बैठे आरोपी के पैर में लगी।
घायल आरोपी की पहचान मोहम्मद रानू (27) पुत्र मोहम्मद असलम, निवासी निकट हारुनी मस्जिद, विधायक चौराहा, थाना चिनहट, लखनऊ के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया है।
वहीं दूसरे आरोपी रिजवान (26) पुत्र अनवर, निवासी मोहल्ला बड़ा खदान, निकट दोस्त मोहम्मद मस्जिद, थाना मड़ियांव, लखनऊ को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लूटी गई चैन के दो टुकड़े, घटना में प्रयुक्त एक चोरी की स्कूटी, दो अवैध तमंचे, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सघन कर दी गई



