
लखनऊ। साहब मेरा बेटा 24 दिसम्बंर से घर नहीं आया है। उसका कही पता नहीं चल रहा है। उसके नम्बर पर कई बार फोन भी किया गया, लेकिन उसका फोन भी नहीं लग रहा है। पुलिस : तो यहां क्या करने आये हो। यहां पुलिस का दिमाग खराब करने आ गये हो जाकर अपने बेटे को खुद ही ढूंढों।
कैसरबाग इलाके से बीते 24 दिसंबर को लापता हुए 19 वर्षीय बीकाम छात्र शुभ सोनकर का शव रविवार को गोमती रिवर फ्रंट पर नदी में मिला। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को निकलावाया। इसके बाद परिवारीजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कैसरबाग चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
कैसरबाग मंडी निवासी मुकेश सोनकर सब्जी कारोबारी है। उनका बेटा शुभ सोनकर बीकाम का छात्र था। मुकेश के मुताबिक बीते 24 दिसंबर को बेटा घर से स्कूटी से निकला था। देर शाम तक उसका कुछ पता न चला तो खोजबीन शुरू की गई। कुछ पता न चलने पर शुभ के मोबाइल पर फोन किया तो जानकारी हुई कि मोबाइल रिवरफ्रंट के पास एक स्टैंड पर रखा है। इसके बाद परिवारीजन रिवरफ्रंट पहुंचे और खोजबीन के साथ ही लोगों से शुभ के बारे में पूछताछ की कुछ पता न चला। मुकेश के मुताबिक वह बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने कैसरबाग कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने टरका दिया और खुद से खोजबीन करने को कहा।
परिवारीजन और पुलिस शुभ की खोजबीन कर रही थी। इस बीच शनिवार को रिवरफ्रंट के पास ही स्कूटी लावारिश हालत में पुलिस को खड़ी मिली। पुलिस ने गोताखोरों को बुलवाया। गोताखोर श्रीपाल निषाद ने साथियों के साथ दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार शाम गोमती नदी से शुभ का शव खोज निकाला। घटना से आक्रोशित परिवारीजन शुभ का शव लेकर कैसरबाग चौराहे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। उन्होंने पुलिस पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। बवाल की सूचना पर इंस्पेक्टर और एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा पहुंचे उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर कैसरबाग ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक शुभ का मोबाइल रिवरफ्रंट पर गुब्बारा बेचने वाली एक बच्ची को मिला था। उसने मोबाइल स्टैंड वालों को दे दिया था। मोबाइल स्टैंड वालों के पास से बरामद हुआ है। एडीसीपी ने बताया कि शुभ के परिवारीजन जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



