
लखनऊ। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों को शव संदिग्ध हालात में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बंथरा स्थित वेयरहाउस के पास गुरुवार सुबह मजदूर का शव फंदे से लटकता मिला। वहीं, दुबग्गा में वृद्ध का शव और बीकेटी में किसान की संदिग्ध हालात में मौत हुई है।
मिली जानकारी अनुसार उन्नाव फतेहपुर निवासी देवराज यादव (25) किशुनपुर कौड़िया स्थित केडब्लूई वेयरहाउस में मजदूर था। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद देवराज वेयरहाउस से चला गया। इसके कुछ देर बाद ही उसका शव मेस की छत पर फंदे से लटकता मिला। इंस्पेक्टर के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं, दुबग्गा जेहटा रोड के पास 55 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा मिला। इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह भदौरिया ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों से इस सम्बंध में मदद ली जा रही है। इसके अलावा बीकेटी शिवपुरी निवासी किसान पवन कुमार (36) बुधवार सुबह सब्जी लेकर मण्डी गया था। जहां से शाम को वह घर वापस आ गया। जहां कुछ देर बाद ही उसके मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंच जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौक का कारण अस्पष्ट हो पायेगा।



