दो नशेड़ियों ने फास्ट फूड का स्टाॅल लगाने वाली महिला को पीटा

लखनऊ। दुबग्गा रेलवे क्रासिंग के पास फास्ट फूड का स्टॉल लगाने वाली महिला की दो नशेड़ियों ने पिटाई कर दी। मारपीट होते देख राहगीरों के बीच बचाव करने पर आरोपी फरार हो गए। जिनके खिलाफ महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दुबग्गा भमरौली निवासी किरन रेलवे क्रॉसिंग के पास मोमोज का स्टॉल लगाती हैं। बुधवार रात वह स्टॉल पर मौजूद थी। जहां मोहल्ले में रहने वाला संगीत दोस्त अमन के साथ आ पहुंचा। दोनों लोग नशे में धुत थे। स्टॉल के पास पहुंच कर वह लोग टेक लेकर खड़े हो गए। किरन ने संगीत से दुकान से हट कर खड़े होने के लिए कहा। इस बात से संगीत तैश में आ गया। आरोपी ने दोस्त अमन के साथ मिल कर महिला की पिटाई कर दी। इंस्पेक्टर दुबग्गा सुखबीर सिंह भदौरिया के मुताबिक किरन की तहरीर पर मारपीट, गाली गलौज और धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



