ग्राम सभा सोम के मुरार नगर की बदहाल सड़कों पर ग्रामीणों का आक्रोश

संडीला, हरदोई। ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा सोम के मुरार नगर में सड़कों की बदहाल व खस्ताहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। गांव की मुख्य व संपर्क मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और टूटी सड़कें ग्रामीणों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। गांव निवासी शैल कुमारी ने इस गंभीर समस्या को लेकर आवाज उठाते हुए संबंधित विभागों को उच्चस्तरीय शिकायत भेजी है। उन्होंने शिकायत में बताया कि खराब सड़कों के कारण बच्चों का स्कूल जाना, मरीजों को अस्पताल पहुंचाना और रोजमर्रा का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।शैल कुमारी ने मांग की है कि ग्राम सभा के मुरार नगर की सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत अथवा नवनिर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस शिकायत पर संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।



