
लखनऊ। थाना पीजीआई एवं सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की संयुक्त पुलिस टीम ने बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के चार शातिर अभियुक्तों को वृंदावन गेट के आगे सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई 01 अदद एयरगन (रायफल), ₹42,362 नगद, भारी मात्रा में पीली व सफेद धातु के आभूषण, 04 अदद हाथ घड़ियां तथा 02 अदद मोतियों की मालाएं बरामद की गई हैं। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा गिरफ्तारी करने वाली टीम को ₹15,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। दिनांक 06.02.2026 को वादी श्री विवेक मोहन निवासी जानकीपुरम विस्तार, लखनऊ द्वारा थाना पीजीआई पर लिखित तहरीर दी गई थी कि उनके रिश्तेदार अभय नाथ मिश्रा के मकान संख्या-141, सेक्टर-03 एल्डिको उद्यान-11, लखनऊ में 02.02.2026 से 06.02.2026 के बीच अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर थाना पीजीआई में मु0अ0सं0-80/2026 धारा 305(a) बीएनएस पंजीकृत किया गया। घटना के अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया। लगभग 350 सीसीटीवी फुटेज एवं मैनुअल व तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं। सोनू सिंह एवं शक्तिमान सिंह बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करते थे। जब यह सुनिश्चित हो जाता था कि मकान कई दिनों से खाली है, तब योजनाबद्ध तरीके से रात में लोहे की सरिया से ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। दिनांक 04/05 फरवरी 2026 की रात्रि को भी इसी प्रकार उक्त मकान में चोरी की गई थी। गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू सिंह (26 वर्ष) निवासी सरोजनीनगर, लखनऊ (मूल निवासी कैमूर, बिहार), शक्तिमान सिंह (26 वर्ष) निवासी सरोजनीनगर, लखनऊ (मूल निवासी कैमूर, बिहार), सोनू कुमार साह उर्फ सोनू पहाड़ी (31 वर्ष) निवासी सारण (छपरा), बिहार तथा बृजेश निषाद (29 वर्ष) निवासी सरोजनीनगर, लखनऊ (मूल निवासी फतेहपुर) शामिल हैं। अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद करते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना पीजीआई पुलिस एवं सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है।



