अपराधलखनऊ

लालताखेड़ा में युवक की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी हिरासत में

काकोरी (लखनऊ)। थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम लालताखेड़ा में रविवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 बजे सूचना मिली कि ग्राम लालताखेड़ा के बाहर एक बाग के पास एक युवक को चाकू मार दिया गया है। सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी व थाना प्रभारी काकोरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए। मौके पर रक्त के धब्बे पाए गए।जांच में पता चला कि घायल युवक की पहचान रामसागर (24) पुत्र इन्दल, निवासी ग्राम माधौटांडा थाना माधौटांडा जनपद पीलीभीत के रूप में हुई। घायल अवस्था में उसके भाई राहुल ने 108 एंबुलेंस से उसे सीएचसी सरोजनीनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वादी राहुल की तहरीर के अनुसार, रामसागर का दिसंबर 2024 में कामिनी पुत्री भीमा गौतम, निवासी ग्राम लालताखेड़ा थाना काकोरी से प्रेम विवाह हुआ था। विवाह के बाद कामिनी कुछ समय ससुराल में रही, लेकिन बाद में उसके परिजन उसे अपने घर ले गए। आरोप है कि परिजन उसकी दूसरी जगह शादी कराने की तैयारी कर रहे थे। बताया गया कि 16 फरवरी को राहुल अपने भाई रामसागर के साथ कामिनी को विदा कराने लालताखेड़ा आया था। गांव के बाहर बातचीत के दौरान कामिनी के पिता भीमा गौतम, उसके पुत्र सुमित व अमित तथा पंकज (लड़की की मौसी का बेटा) निवासी ग्राम लोनहा थाना बंथरा के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान चारों ने एकराय होकर रामसागर और राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सुमित ने रामसागर पर चाकू से कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पर राहुल के साथ भी मारपीट की गई। शोर-शराबा सुनकर लोगों के आने की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना काकोरी में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में पंकज पुत्र इन्दर गौतम निवासी लोनहा थाना बंथरा, सुमित पुत्र भीमा गौतम, अमित पुत्र भीमा गौतम और भीमा गौतम निवासी लालताखेड़ा थाना काकोरी शामिल हैं।पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button