नवसृजित बिजनौर थाने के कोतवाल बने राजकुमार

चौकी से 200 मी. दूर बनेगा नया थाना
लखनऊ। नवसृजित बिजनौर थाना का नया कोतवाल राजकुमार को बनाया गया है। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने यह आदेश शुक्रवार को किया। यह लखनऊ कमिश्नरेट का 41वां थाना है। सरोजनीनगर कोतवाली क्षेत्र के अधीन आने वाले बिजनौर इलाके के लिये ही नया थाना बनाने की मंजूरी गुरुवार को ही मिली थी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि नये थाने बिजनौर के अधीन आने वाले इलाकों को चिह्नित कर लिया गया है। इसमें मोहनलालगंज के दो गांव, आशियाना के चार गांव, बंथरा के 21 गांव और सरोजनीनगर के आठ गांव बिजनौर थाने के अंतर्गत आयेंगे। इस कोतवाली क्षेत्र में एक लाख 34 हजार आबादी होगी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बिजनौर पुलिस चौकी से 200 मीटर दूर मोहनलालगंज रोड पर 0.56 हेक्टेयर जमीन नये थाने के लिये ली गई है। नया थाना बनने तक बिजनौर पुलिस चौकी में ही थाना चलेगा।
तीन और नये इंस्पेक्टर तैनात
इसके अलावा दीपक कुमार पाण्डेय को आशियाना इंस्पेक्टर, रामेश्वर कुमार को गाजीपुर इंस्पेक्टर और देवेन्द्र विक्रम सिंह को सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली का इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। इन थानों में तैनात रहे इंस्पेक्टरों के दूसरे जिले में तबादला होने से पद रिक्त हुये थे।



