
मॉल। बम से हमला कर युवक की हत्या करने वाले तीन हत्यारों को माल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने दस हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में आतिशबाजी करने वाले व तेज आवाज पैदा करने वाले पटाखे बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ह्रदेश कुमार ने बताया कि मनीष सिंह उर्फ बिल्लू पुत्र इंद्रेसेन सिंह निवासी रनीपारा थाना माल, मोहित सिंह पुत्र महेंद्र सिंह उर्फ गुड्डे निवासी रनियामऊ थाना माल, अंशुल सिंह पुत्र स्व. राजेश सिंह निवासी ग्राम रनियामऊ थाना माल को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान मनीष ने बताया कि उसने विस्फोटक पदार्थ सलीम पुत्र स्व. मोहम्मद निवासी थावर माल से खरीदा था। मनीष की निशानदेही पर सलीम के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया है।
विदित हो कि 19 जून को मेवालाल पुत्र स्व. श्याम लाल निवासी रनियामऊ थाना माल ने पुलिस को सूचना देकर बताया था कि उनके पुत्र शिवम को जान से मारने की नियत से उनकी चारपाई के नीचे हथगोला रख दिया गया था। हथगोला फटने से शिवम बुरी तरह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां 24 जून को इलाज के दौरान शिवम की सांसें थम गई। इस संबंध में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 504, 302 आईपीसी सहित एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। करीबन 26 दिन बाद पुलिस ने नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।



