युवती से बदसलूकी करने वाला आरोपी सिपाही निलंबित

लखनऊ। गौतमपल्ली के वीमेन पावर लाइन (1090) चौराहे के पार्क में मंगलवार रात युवती से बदसुलूकी हुई थी। जिसके आरोपी सिपाही व उसके दो साथी बताये जा रहे है। इस मामले में डीसीपी यातायात में आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी अनुसार आरोपी यातायात पुलिस में तैनात सिपाही करन सिंह यादव को बुधवार को निलंबित कर दिया गया, जबकि उसके दो साथियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक गौतमपल्ली सुखबीर सिंह भदौरिया के अनुसार जानकीपुरम की युवती मंगलवार रात करीब 9.30 बजे 1090 चौराहे के पास पार्क में बैठी थी।
इस बीच दो बाइक पर तीन युवक पहुंचे। इनमें से एक ने खुद को क्राइम ब्रांच में तैनात बताया। इसके बाद आरोपी बदसुलूकी करने लगे। विरोध पर युवती को थप्पड़ जड़ दिया। युवती के शोर मचाने पर पुलिसकर्मी व राहगीर जुटने लगे तो आरोपी भाग निकले। इस दौरान हड़बड़ाहट में उनकी एक बाइक छूट गई और युवती के हाथ एक युवक का आई कार्ड लग गया। सूचना पर पुलिस युवती को थाने लेकर पहुंची और मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती के हाथ लगा आईकार्ड यातायात पुलिस में तैनात सिपाही करन सिंह यादव का है जबकि बाइक उसके भाई के नाम पर है। करन मूलरूप से वाराणसी के सारनाथ स्थित सुल्तानपुर का रहने वाला है। उसकी तैनाती लखनऊ यातायात पुलिस लाइन में है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश कर रही है।
डीसीपी यातायात ने किया सिपाही को निलंबित
प्रभारी निरीक्षक ने मामले में सिपाही की भूमिका मिलने पर रिपोर्ट तैयार कर डीसीपी यातायात सुभाष चंद्र शाक्य को भेज दिया। इसके आधार पर डीसीपी यातायात ने बुधवार को सिपाही को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है।



