उत्तर प्रदेश

ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

हरदोई (पिहानी): जनपद के पिहानी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरदोई-गोपामऊ मार्ग पर कलबलहा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

​हरियावा थाना क्षेत्र के हाफिजदीनपुरवा निवासी राजेश (40 वर्ष), पुत्र आशाराम, जो पेशे से स्वयं एक ट्रैक्टर चालक थे, रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने साथी लाखन (45 वर्ष) के साथ बाइक से पिहानी जा रहे थे। जैसे ही वे कलबलहा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश की मौके पर ही सांसें थम गईं।

रेस्क्यू और उपचार

​राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही ईएमटी देवेंद्र कुमार शर्मा और पायलट सत्येंद्र एम्बुलेंस (UP 32 FG 0632) लेकर मौके पर पहुंचे। घायल लाखन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पिहानी में भर्ती कराया गया। वहां मौजूद डॉक्टर जयप्रकाश ने लाखन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

परिजनों में मचा कोहराम

​सूचना पर पहुंची पिहानी पुलिस ने मृतक राजेश के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतक के चचेरे भाई सोनू ने बताया कि:

  • ​राजेश अविवाहित था और घर का मुख्य सहारा था।
  • ​वह अपने पीछे वृद्ध माता आशारानी, दो भाई (प्रमोद व पुनीत) और दो बहनों (सरला व विनीता) को छोड़ गया है।

इस असमय मौत की खबर मिलते ही गांव हाफिजदीनपुरवा और मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button