लखनऊ: गोमती में नहाने गया युवक डूबा, दूसरे दिन मिला शव, मचा कोहराम

लखनऊ . राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गोमती नदी में नहाने गया 18 वर्षीय युवक डूब गया। काफी तलाश और रेस्क्यू के बाद अगले दिन उसका शव बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आदिल (18 वर्ष), पुत्र टिंकू, निवासी के.के. सिंह नगर/संजोग नगर थाना हुसैनगंज, अपने दोस्तों के साथ मेंहदी घाट स्थित पीपा पुल के पास गोमती नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद बाकी साथी किसी तरह सुरक्षित बाहर आ गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद 19 अप्रैल को युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसा (दुर्घटनावश डूबना) माना जा रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की अपील:
लखनऊ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नदी या किसी भी जलाशय में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
सावधानी ही सुरक्षा है — एक छोटी सी लापरवाही बन सकती है बड़ी दुर्घटना।



