
लखनऊ। पारा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भुंवर क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ एक अज्ञात युवक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद पारा पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं, वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।



