
लखनऊ। पारा थाना पुलिस ने गरीब जनता को कांशीराम शहरी आवास योजना में मकान दिलाने का झांसा देकर अवैध वसूली करने वाले फर्जीवाड़ा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों—जयप्रकाश उपाध्याय और विनोद सोनकर—को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से योजना में आवास दिलाने का लालच देकर लोगों से मोटी रकम ऐंठते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जयप्रकाश के कब्जे से पुलिस लिखा हुआ स्कॉर्पियो वाहन, फर्जी इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर आईडी कार्ड, आधार-पैन कार्ड, कई अन्य दस्तावेज तथा कांशीराम आवास योजना की 11 फर्जी आवंटन सूची बरामद की हैं। आरोपी खुद को डूडा (DUDA) का अधिकारी बताकर गरीब लोगों को निशाना बनाते थे और उन्हें फर्जी आवंटन पत्र व कब्जा पर्ची देकर धोखा देते थे। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं समेत SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, चौकी प्रभारी हंसखेड़ा मुन्ना लाल, तथा अन्य टीम सदस्य शामिल रहे। पारा पुलिस का कहना है कि ऐसे फर्जीवाड़े में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी योजना या allotment के नाम पर पैसे देने से पहले संबंधित विभाग से जांच अवश्य कर लें।



