
लखनऊ। मेहंदीनगर संडीला जिला हरदोई की रहने वाली एक महिला ने बीकेटी तहसील में सोमवार को जमकर हंगामा किया। महिला ने एक लेखपाल पर शादी करने का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया। महिला ने हंगामा करते हुए जबरन गर्भपात कराने का आरोप भी लगाया। महिला को हंगामा करता देख सैकड़ों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि 12 वर्ष पहले उसके पति की मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के कुछ समय बाद संडीला तहसील में तैनात लेखपाल सतपाल से मुलाकात हुई। लेखपाल ने कहा उसके तीन बच्चे हैं पत्नी नहीं है। वह उससे शादी करना चाहता है। शादी करने का झांसा देकर वह तब से उसका लगातार यौन शोषण करता आ रहा है।
महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि लेखपाल ने उससे गर्भपात कराने की बात की तो उसने विरोध किया। जिसके बाद उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया और कहा गया की किसी को इसके संबंध में बताया तो जान से हाथ धो बैठोगी।
महिला के मुताबिक जब जब उसने शादी करने के लिये कहा तो वह टाल मटोल करता है। वहीं तहसील परिसर में आरोप लगाने वाली महिला से लेखपाल की पत्नी से भी नोक झोंक हुई। लेखपाल ने महिला द्वारा लगाये गये आरोपों को निराधार बताया। कहा महिला उसे फर्जी फंसाने की धमकी दे रही है। संडीला तहसील से स्थानांतरण हो जाने के बाद से आरोपी उसे धमकी देता है। वहीं महिला ने संबंधित लेखपाल के खिलाफ एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम गोविन्द मौर्या ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया गया है।



