साथी के साथ मिल कर मंगेतर से दुराचार करने वाला गिरफ्तार

लखनऊ। मड़ियांव पुलिस ने शादी से तीन दिन पहले मंगेतर से दोस्त संग मिल कर दुराचार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक ने मंगेतर के साथ गलत काम करने के बाद उसकी पिटाई की थी। पीड़िता ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दुराचार में शामिल आरोपी को पुलिस तलाश रही है।
इंस्पेक्टर वीर सिंह के मुताबिक मड़ियांव निवासी युवती की दोस्ती दो साल पहले श्याम विहार कॉलोनी निवासी शैलेंद्र चौहान से हुई थी। दो साल की मुलाकात के दौरान दोस्ती प्यार में बदल गई थी। युवती के घर वालों को भी इस बात की जानकारी थी। शैलेंद्र भी अक्सर युवती के घर पर आता था। बेटी के पसंद किए युवक से परिवार वाले शादी करने को राजी हो गए थे। शैलेंद्र का परिवार भी इसके लिए तैयार था। तीन दिसंबर को दोनों की शादी की तारीख तय हुई थी। मंगलवार को शैलेंद्र ने युवती को मिलने के लिए बुलाया था जहां उसने मंगेतर के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान शैलेंद्र का एक दोस्त भी कमरे में मौजूद था जिसने मोबाइल पर वीडियो रिकार्ड करने के साथ ही युवती के साथ दुराचार किया था। मंगेतर की हरकत का युवती ने विरोध किया था। इस पर शैलेंद्र ने दोस्त के साथ मिल कर युवती को बुरी तरह से पीट दिया। इतना ही नहीं शैलेंद्र ने शादी करने से भी इनकार कर दिया था। मंगेतर का यह रूप देख कर युवती का सब्र टूट गया। किसी तरह से बदहवास हालत में वह घर लौटी। बेटी की बारात की अगवानी का सपना संजोए घर वाले युवती की हालत देख कर दंग रह गए। पूछताछ करने पर शैलेंद्र और उसके दोस्त की करतूत पता चली। इसके बाद पीड़ित परिवार शिकायत लेकर मड़ियांव कोतवाली पहुंचा था। इंस्पेक्टर वीर सिंह के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज करते हुए शैलेंद्र को तलाशा जा रहा था। बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक शैलेंद्र से उसके साथी के बारे में जानकारी मिली है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।



