लखीमपुर : बाइक सवारों ने दो नाबालिग बहनों को किया अगवा, कुछ देर बाद पेड़ पर लटकी मिली दोनों की लाश

लखीमपुर। निघासन थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम पांच बजे घर के बाहर से दो सगी बहनों को बाइक सवार तीन लोग अगवा कर ले गए, जिनके कुछ देर बाद गन्ने के खेत में फंदे से लटकते हुए शव मिले। परिजन ने पड़ोसी गांव के तीन युवकों पर अगवाकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन भारी विरोध के कारण पुलिस अभी तक शवों को कब्जे में नहीं ले पाई है। ग्रामीणों का आक्रोश देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बुधवार शाम पांच बजे थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति का एक परिवार अपनी बेटियों के साथ घर में मौजूद था। इसी बीच घर की दोनों नाबालिग बेटियां घर के बाहर लगी चारा मशीन पर चारा काटने गईं कि इतने में पड़ोसी गांव के तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और दोनों सगी बहनों को जबरन बाइक पर बैठाकर भागने लगे।
इस बीच मां शोर मचाती रह गई। हालांकि मां ने बाइक सवारों का पीछा भी किया, लेकिन तब तक वह उनकी पहुंच से दूर जा चुके थे। शोर सुनकर गांव वाले भी इकट्ठा हो गए और आरोपियों की तलाश शुरू की तो करीब एक घंटे बाद गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में उनके शव खैर के पेड़ की डाल से बंधे मिले। बड़ी बहन का शव ऊपर जबकि छोटी बहन का शव नीचे था। छोटी बहन के घुटने जमीन पर टिके थे। बताया गया कि बड़ी बहन 17 साल की थी और हाईस्कूल में पढ़ती थी, जबकि छोटी बहन 14 साल की थी, जो आठवीं में पढ़ती थी।
मृतका की मां ने पड़ोसी गांव के तीन युवकों पर अगवाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस देर रात तक शव को कब्जे में नहीं ले पाई है। भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वही इस संबंध में लखीमपुर एसएससी कुछ नहीं बोल पा रहे हैं। पुलिस को जनता का काफी विरोध झेलना पड़ रहा है।
प्रदेश के एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा है कि घटना के संबंध में हर पहलू पर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मौके पर हैं। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।



