उत्तर प्रदेश में हुई रोजाना 10 हत्याएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में देश भर से सबसे ज्यादा हत्याएं हुईं लेकिन मर्डर के क्राइम रेट के मामले में यूपी देश के 22 राज्यों से नीचे है।
यूपी में 2022 में हत्या की 3491 घटनाएं दर्ज की गईं। इस में 3599 लोग मारे गए थे। जो वर्ष के हिसाब से प्रतिदिन 10 हत्याओं को दर्शाता है। जबकि यूपी का मर्डर क्राइम रेट मात्र 1.5 परसेंट है जो प्रति एक लाख आबादी पर जोड़ा जाता है। हत्या के प्रयास के यूपी में कुल 3788 केस हुए जिसमें 3914 लोगों की हत्या की कोशिश हुई थी।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने साल 2022 के लिए तमाम तरह के अपराध का सालान रिपोर्ट जारी किया है। एनसीआरबी क्राइम रिपोर्ट 2022 के मुताबिक सबसे ज्यादा आबादी वाले उत्तर प्रदेश में देश भर में सबसे ज्यादा हत्याएं हुईं लेकिन मर्डर के क्राइम रेट के मामले में यूपी देश के 22 राज्यों से नीचे है। मर्डर क्राइम रेट के मामले में यूपी से ज्यादा बेहतर सिर्फ पांच राज्य आए हैं। यूपी से कम मर्डर क्राइम रेट गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, नगालैंड, सिक्किम का है।
मर्डर का क्राइम रेट सबसे ज्यादा 4 प्रतिशत झारखंड का है। यूपी से ज्यादा मर्डर क्राइम रेट आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़ गोवा, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल का है।
यूपी से कम आबादी वाले पश्चिम बंगाल में हत्या के प्रयास के 12279 केस दर्ज हुए जिसमें 15310 लोगों की जान लेने की कोशिश हुई। बिहार भी इस मामले में यूपी से आगे है जहां 10096 लोगों पर जानलेवा हमले के 8667 केस दर्ज हुए। जानलेवा हमले के मामले में ओडिशा भी यूपी से आगे है जहां 5845 केस दर्ज हुए।



