अपराधलखनऊ

लखनऊ में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, आरोपी हिरासत में

Lucknow। राजधानी के थाना पीजीआई क्षेत्र अंतर्गत तेलीबाग में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब बीच सड़क पर एक युवक पर गोली चला दी गई। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार, 04 मार्च 2026 को करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि तेलीबाग क्षेत्र में एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही थाना पीजीआई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।

घायल की पहचान अंकित वर्मा (25 वर्ष), निवासी राजीवनगर घोसियाना, थाना पीजीआई के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि गोली उसके पेट को छूते हुए निकल गई। उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर-2 ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी सुमित यादव (25 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इलाके में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button