सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमले का दूसरा इनामी आरोपी मुठभेड़ में घायल

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में 27 फरवरी 2026 को हुए सनसनीखेज हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सलीम वास्तविक के कार्यालय में घुसकर उनका गला काटने की वारदात में शामिल दूसरे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश गुलफ़ाम को आज 3 मार्च 2026 को थाना Indirapuram क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
क्या है पूरा मामला?
27/02/2026 की सुबह दो दुर्दांत अभियुक्तों ने सलीम वास्तविक के ऑफिस में घुसकर बेरहमी से उनका गला काट दिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की थी।
पहले आरोपी का एनकाउंटर
इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी जीशान को 1 मार्च 2026 को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था।
दूसरे इनामी पर भी शिकंजा
पुलिस के अनुसार, आज मिली सूचना के आधार पर इंदिरापुरम क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गुलफ़ाम की घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।



