मोहनलालगंज में नहर किनारे झाड़ियों से युवक का शव बरामद

लखनऊ। थाना मोहनलालगंज क्षेत्र अंतर्गत मऊ नहर के किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को मऊ नहर के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात पुरुष का शव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उच्च अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। शिनाख्त के प्रयास में शव की पहचान अलमास (उम्र लगभग 20 वर्ष), पुत्र रवी मोहम्मद, निवासी जेल रोड, मऊ, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ के रूप में हुई। मृतक के पिता द्वारा 29 दिसंबर 2025 को थाना मोहनलालगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बताया गया था कि अलमास उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे खुजौली जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। घटना की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



