एनसीवेब की पहली कट ऑफ जारी, एक नवंबर से दाखिला प्रक्रिया होगी शुरू

दिल्ली। दिल्ली विश्विद्यालय के एनसीवेब में बीए प्रोग्राम और बीकॉम प्रोग्राम की 15,210 सीटों पर दाखिले के लिए पहली कट ऑफ जारी हो गई है। एनसीवेब के 26 कॉलेज सेंटर में बीकॉम में दाखिले के लिए सामान्य श्रेणी में सर्वाधिक 87 फीसदी कट ऑफ जीसस एंड मेरी और मिरांडा हाउस ने रखी है। जबकि इस कोर्स के लिए हंसराज कॉलेज ने 86 फीसदी कट ऑफ जारी की है।
बीते साल के मुकाबले में कट ऑफ में एक कॉलेज सेंटर पर 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बीते साल जीसस एंड मेरी कॉलेज ने बीकॉम के लिए 81 फीसदी कट ऑफ जारी की थी। जबकि मिरांडा और हंसराज ने सर्वाधिक 87 फीसदी जारी की थी। भगिनी निवेदिता और अदिति कॉलेज में बीकॉम की सबसे कम 80 फीसदी कट ऑफ है।
अब इस कट ऑफ के आधार पर एक नवंबर से दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत होगी। दाखिला डीयू के दाखिला पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन लिया जा सकेगा। एनसीवेब के शेड्यूल के मुताबिक कट ऑफ शनिवार को जारी होनी थी। लेकिन इसे शुक्रवार देर शाम जारी कर दिया गया।
इस कट ऑफ में बीए प्रोग्राम के इकोनॉमिक्स और पोलिटिकल साइंस कॉम्बिनेशन की कट आफ सबसे अधिक 86 फीसदी जीसस एंड मेरी और मिरांडा हाउस ने निकाली है। जबकि इसी कॉम्बिनेशन के लिए हंसराज ने 85 फीसदी कट ऑफ जारी की है। हिस्ट्री पोलिटिकल साइंस कॉम्बिनेशन के लिए मिरांडा हाउस ने सबसे अधिक 85 फीसदी कट ऑफ जारी की है। मालूम हो कि एनसीवेब में दाखिले के लिए छात्राओं के पास दिल्ली के स्थानीय निवास का पता होना जरुरी है।



