एलडीए के अफसर ने जनता अदालत में पीड़ित को जड़ा थप्पड़

लखनऊ। पीड़ितों की समस्याओं को दूर करने के लिए आयोजित लखनऊ विकास प्राधिकरण की जनता अदालत में उस समय हंगामा हो गया, जब एक फरियादी और अफसर के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि लविप्रा अफसर ने पीड़ित को थप्पड़ जड़ दिया। पीड़ित का चश्मा दूर जा गिरा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ित मुकेश शर्मा को लविप्रा ने आजाद नगर योजना में ईडब्लू एस मकान आवंटित किया था।
आरोप है कि लविप्रा ने इस मकान की रजिस्ट्री 72 वर्षीय मुकेश शर्मा को कर दी है। लेकिन उसमे मुन्ना नाम का कोई दूसरा व्यक्ति रह रहा है। इस मकान को खाली कराने के लिए पीड़ित दौड़ रहा है। गुरुवार को जनता अदालत में मुकेश शर्मा आए और जोनल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी से विवाद करने लगे। इस बीच मामला बढ़ा तो अधिकारी डीके सिंह ने हस्तक्षेप कर दिया। मुकेश शर्मा और डीके सिंह के बीच विवाद होने लगा। बात इतनी बढ़ी कि डीके सिंह ने मुकेश शर्मा को थप्पड़ मार दिया।
मामला बढ़ते देख लविप्रा उपाध्यक्ष डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनता अदालत को मसूद हाल की जगह अपने ऑफिस में शिफ्ट कर दिया। पुलिस ने सभागार में लगे सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है।



