लखनऊ

लखनऊ के दुबग्गा में खूनी विवाद: चाकू मारकर युवक की हत्या, मां-बेटी समेत तीन हिरासत में

लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में बुधवार शाम आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी और मारपीट के दौरान 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, आज दिनांक 04 मार्च 2026 को शाम करीब 6 बजे थाना दुबग्गा पर सूचना प्राप्त हुई कि बेगरिया गांव में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राम बेगरिया निवासी मोहित तिवारी, उसकी मां और बहन का गांव के ही निवासी सूरज गौतम (उम्र लगभग 22 वर्ष), पुत्र राजेन्द्र गौतम, के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और मारपीट के दौरान सूरज गौतम को चाकू मार दिया गया।

गंभीर रूप से घायल सूरज को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों—मोहित तिवारी, उसकी मां और बहन—को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के मद्देनजर एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button