सनसनी: हरदोई में पति ने थाने के पास पत्नी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। जनपद के थाना पाली क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ने पुलिस थाने के मेस के पास ही अपनी पत्नी पर अवैध शस्त्र से फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद की पृष्ठभूमि
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी अनूप पुत्र रामनाथ, निवासी ग्राम रमापुर अटारिया ने बीती 8 जनवरी को थाने में तहरीर दी थी। उसका आरोप था कि सुरजीत नाम का व्यक्ति उसकी पत्नी सोनी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर महिला को बरामद कर लिया था।
थाने के पास ही अंजाम दी वारदात
सोमवार, 12 जनवरी को महिला आरक्षी द्वारा बरामद महिला सोनी का मेडिकल और अन्य वैधानिक कार्रवाई कराई जानी थी। इसी बीच, थाने के मेस के पास अनूप अपनी पत्नी से बातचीत करने पहुँचा। बातचीत के दौरान ही उसने अचानक अवैध शस्त्र निकाला और पत्नी की पीठ पर गोली मार दी।
पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल हरदोई भेजा, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हरदोई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों को न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने आरोपी अनूप को गिरफ्तार कर उसके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- एक अदद अवैध तमंचा (315 बोर)
- एक अदद खोखा कारतूस और एक अदद जिन्दा कारतूस (315 बोर)
सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज
थाना पाली पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु०अ०सं० 11/26 धारा 103(1) बीएनएस (BNS) और धारा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया है। इस सफल गिरफ्तारी में उप-निरीक्षक जयनारायण मिश्र और उप-निरीक्षक मान सिंह की मुख्य भूमिका रही।



