अपराधलखनऊ

24 घंटे में बड़ी चोरी का खुलासा, मोहनलालगंज पुलिस ने शातिर अभियुक्त को किया गिरफ्तार

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना मोहनलालगंज पुलिस ने बड़ी चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई डीसीएम गाड़ी, बैटरियां तथा स्टेपनी बरामद की हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 दिसंबर 2025 को संजय सिंह यादव, निवासी शांति नगर, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी फर्म विक्रम ट्रांसपोर्ट कम्पनी की कई गाड़ियां जैतीखेड़ा स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी थीं। रात लगभग 1 बजे अज्ञात चोरों द्वारा डीसीएम वाहन संख्या UP 32 YN 8964, अन्य वाहनों की बैटरियां और स्टेपनी चोरी कर ली गईं। काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मोहनलालगंज पुलिस द्वारा तत्काल दो विशेष टीमों का गठन किया गया। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व सतर्क निगरानी के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर ली। दिनांक 23 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने गनियार से मोहनलालगंज की ओर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर शैलेन्द्र कुमार, निवासी प्यारेपुर, थाना हरचन्दपुर, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई डीसीएम, बैटरियां एवं स्टेपनी बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उसका साथी राज, जो पूर्व में विक्रम ट्रांसपोर्ट कम्पनी में चालक था, ने गाड़ियों की लोकेशन और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी थी। दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई और रात करीब 1:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद वाहन व सामान बेचने के इरादे से दोनों निकले, लेकिन रास्ते में डीसीएम का डीजल खत्म हो गया। इसी दौरान अभियुक्त का साथी डीजल लेने चला गया और मौके पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने अभियुक्त को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। यह कार्रवाई थाना मोहनलालगंज पुलिस की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button