लखनऊ

ऑपरेशन मुस्कान के तहत गोसाईगंज पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग को सकुशल परिजनों से मिलाया

लखनऊ। जोन-दक्षिणी अंतर्गत थाना गोसाईगंज पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा एक नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया है। जानकारी के अनुसार दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना गोसाईगंज क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर करीब 11 वर्षीय बालक लावारिस अवस्था में घूमता मिला, जिसे वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक द्वारा थाने लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक डी. के. सिंह ने तत्काल ऑपरेशन मुस्कान के तहत वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह एवं मिशन शक्ति टीम को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। पूछताछ के दौरान बालक ने बताया कि वह नेपाल का मूल निवासी है और नेपाल बॉर्डर रूपईडीहा, जिला बहराइच से अपने परिजनों के साथ बस द्वारा अहमदाबाद (गुजरात) जा रहा था, इसी दौरान वह उनसे बिछड़ गया। प्रभारी निरीक्षक द्वारा बालक से स्नेहपूर्वक व्यवहार करते हुए उसे भोजन कराया गया तथा गंदे कपड़े होने के कारण नए कपड़े भी उपलब्ध कराए गए। लगातार प्रयासों एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सूचना प्रसारित किए जाने के फलस्वरूप बालक के परिजनों का पता लगाया गया और उन्हें बच्चे के सकुशल थाने में होने की जानकारी दी गई।इसके उपरांत परिजन थाना गोसाईगंज पहुंचे, जहां बच्चे को पूर्णतः सुरक्षित पाकर नियमानुसार उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। बालक के परिजनों ने लखनऊ पुलिस की त्वरित कार्यवाही, संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Related Articles

Back to top button