लखनऊ

लखनऊ: तिकुनिया नहर में डूबे सोनू का देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन, सुबह फिर होगी तलाश

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के तिकुनिया में नहर में डूबे 34 वर्षीय सोनू की तलाश देर रात तक जारी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोनू तिकुनिया चौराहे पर ही एक चाय की दुकान पर काम करता था और अविवाहित था। परिवार में केवल उसकी मौसी बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे की हालत में नहर की बाउंड्री वॉल पर बैठा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गया और गहरे पानी में डूब गया।

सूचना पर पहुंची पारा थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और SDRF टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर रात तक SDRF की टीम करीब 100 मीटर के दायरे में पानी के भीतर लगातार तलाशी अभियान चलाती रही, लेकिन सोनू का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा और पानी के तेज बहाव को देखते हुए टीम ने सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार सुबह फिर से गोताखोरों की मदद से व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

इलाके में घटना के बाद से शोक और बेचैनी का माहौल है। स्थानीय लोग भी सुबह होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि तलाश दोबारा शुरू हो सके।

Related Articles

Back to top button