अपराधउत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा ड्यूटी करने वाले होमगार्ड के बेटे की गला रेत कर हत्या

लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा ड्यूटी करने वाले होमगार्ड के बेटे की गला रेत कर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव गुरुवार की सुबह शक्तिनगर ढाल स्थित कुकरैल नाल के पास पड़ा मिला। शव के पास ही उसके बहनोई की बाइक भी खड़ी थी। युवक बुधवार को परिवार संग एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए आया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज कराया है।
बाराबंकी के सफेदाबाद लालपुरवा गांव में होमगार्ड राजकुमार सिंह अपने परिवार संग रहते हैं। उनके अनुसार उनका बेटा जितेंद्र सिंह (32) ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। बुधवार की शाम करीब चार बजे जितेंद्र परिजनों संग अलीगंज निवासी रिश्तेदार बबलू सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने के बहनोई टिंकू सिंह की बाइक लेकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
गुरुवार की सुबह जितेंद्र सिंह का शव शक्तिनगर ढाल स्थित कुकरैल नाल के पास पड़ा मिला। पास में ही उसकी बाइक खड़ी थी। स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने शव की शिनाख्त की और खबर जितेंद्र सिंह के परिजनों को दी। खबर पाकर जितेंद्र सिंह के घरवाले मौके पर पहुंच गए।
छानबीन के बाद गाजीपुर पुलिस ने जितेंद्र सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। होमगार्ड राजकुमार सिंह ने बेटे की हत्या के अज्ञात लोगों के खिलाफ गाजीपुर थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। जितेंद्र के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।

Related Articles

Back to top button