इलाज में लापरवाही से महिला की मौत, मातृ एवं शिशु रेफरल सेंटर का मामला

लखनऊ। शहीद पथ स्थित मातृ एवं शिशु रेफरल सेंटर में प्रसव के बाद महिला के इलाज में लापरवाही बरतने पर उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
गोमतीनगर के छोटा भरवारा विज्ञानखंड निवासी साधना चैधरी (32) को मंगलवार सुबह नौ बजे मातृ एवं शिशु रेफरल सेंटर में भर्ती कराया। करीब साढ़े ग्यारह बजे डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया, जिससे बेटा हुआ। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। रात करीब साढ़े आठ बजे प्रसूता की हालत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि तीमारदार स्टाफ को बुलाते रहे, पर कोई नहीं आया। 15 मिनट बाद पहुंचे डॉक्टरों ने जांच के बाद अंदरूनी ब्लीडिंग होने की बात कहकर दो यूनिट खून की मांग कर दी। तीमारदार खून लेकर आए।
फिर साधना को वेंटिलेटर पर रख दिया गया। स्थिति न सुधरने पर बुधवार को लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया। यहां कुछ घंटे भर्ती रखने के बाद मरीज को मृत घोषित कर दिया गया। इसे लेकर तीमारदारों ने हंगामा किया। बाबू वर्मा का आरोप है कि रात में ही उनकी बहू की मौत हो गई थी। फिर भी उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। उन्होंने विभूतिखंड थाने में तहरीर दी है।



