आलमबाग में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत

लखनऊ। थाना आलमबाग क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे पिकअप वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की मां द्वारा थाने में लिखित सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को श्रीमती शशि सिंह, पत्नी फूल सिंह राना, निवासी विजयनगर चारबाग, थाना नाका हिण्डोला, लखनऊ ने थाना आलमबाग में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र आशीर्वाद सिंह राना (उम्र लगभग 27 वर्ष), जो बंग्ला बाजार आशियाना क्षेत्र में कार्यरत थे, 29 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना आलमबाग क्षेत्र के सप्लाई डिपो के पास एक पिकअप वाहन (संख्या UP41AT2247) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में आशीर्वाद सिंह को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है तथा वाहन चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।



