
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके में शुक्रवार को करीब 50 वर्षीय अधिवक्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय सत्य प्रकाश सिंह, निवासी ज्ञानेंद्र विहार, आर.डी. मेमोरियल स्कूल के पास, पिंक सिटी फेज-2, बुद्धेश्वर, थाना पारा के रूप में हुई है। वह पेशे से अधिवक्ता थे। परिजनों के अनुसार राजेंद्र सिंह ने अपने आवास से कुछ दूरी पर स्थित चैंबर में तार के माध्यम से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिले लिखित मेमो के आधार पर पारा पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस की पूछताछ में परिजन आत्महत्या के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने शव का निरीक्षण कर पंचायतनामा समेत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।



