
लखनऊ। कंपनी की धनराशि में हेरफेर और गबन के मामले में वांछित आरोपी को आलमबाग पुलिस ने सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कंपनी के 63 लाख 72 हजार 463 रुपये की धनराशि निकालकर बैंक में जमा नहीं करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आदर्श नगर, टेढ़ी पुलिया, आलमबाग स्थित श्रेया ऑटो वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक गगन दीप सिंह नरूला ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी आकाश श्रीवास्तव कंपनी में कैशियर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि 3 जून 2025 से 20 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में डे-बुक में दर्ज प्रविष्टियों के आधार पर कंपनी की कुल 63,72,463 रुपये की धनराशि निकाली गई। आरोपी ने कंपनी को बताया था कि उक्त रकम बैंक खाते में जमा कर दी गई है, लेकिन खाते के सत्यापन में धनराशि जमा नहीं मिली। कंपनी प्रबंधन की ओर से रकम वापस करने के लिए कई बार कहे जाने के बावजूद आरोपी ने धनराशि वापस नहीं की। मामले में 26 फरवरी 2026 को थाना आलमबाग में मु0अ0सं0 28/2026, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीतापुर के थाना महोली क्षेत्र स्थित आरोपी के निवास ग्राम कुसैला पहुंचकर उसे 4 सितंबर 2026 को करीब रात 1:16 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश श्रीवास्तव पुत्र विनय श्रीवास्तव, निवासी ग्राम कुसैला, थाना महोली, जनपद सीतापुर, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थाना, इकाई और जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुंवर वीर विक्रम सिंह, रिजर्व कांस्टेबल विजय सिंह और रिजर्व कांस्टेबल अर्पित कुमार शामिल रहे।



