अपराधलखनऊ

सीसीटीवी से खुला एसी कॉपर पाइप चोरी का राज, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। आशियाना पुलिस ने एसी के कॉपर पाइप चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 की रात करीब तीन बजे बंगला बाजार स्थित सौरभ शर्मा की दुकान से एसी का पाइप चोरी हो गया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर 3 सितंबर को थाना आशियाना में अज्ञात के खिलाफ मु0अ0सं0 227/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बंगला बाजार से आगे देवीखेड़ा रोड के पास से आजम खान पुत्र मोहम्मद रियाज निवासी टाइप-3, 1/3 गंगा सिंचाई पुरम स्टाफ कॉलोनी, तेलीबाग, लखनऊ, उम्र करीब 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप के 17 टुकड़े, जिनमें प्रत्येक की लंबाई करीब एक बालिश्त थी, काले रंग का एक बंडल अधजला केबिल, कॉपर एवं एल्युमिनियम तार के कई टुकड़े, 1,170 रुपये नकद और एक ऑटो रिक्शा संख्या UP AT 6680 बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से जुटाई जा रही है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप ठाकुर, उपनिरीक्षक शिशिर कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आरजू सिंह और कांस्टेबल शांतेश्वर विश्वकर्मा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button