रात 11 बजे से बिजली की आंख-मिचौली, शकुंतला व एफसीआई पावर हाउस क्षेत्रों की जनता बेहाल

लखनऊ। राजधानी के पश्चिमी क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बुधवार रात करीब 11 बजे से शकुंतला पावर हाउस एवं एफसीआई पावर हाउस से जुड़े इलाकों में लगातार बिजली की आवाजाही जारी है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शकुंतला पावर हाउस अंतर्गत आने वाले रजा नगर, कुमार पुरम, राम विहार, पारा गांव और राज नगर में रात भर बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। वहीं एफसीआई पावर हाउस से जुड़े ए.एल.वाई. स्कूल क्षेत्र, बुद्धेश्वर और हर्ष नगर में भी उपभोक्ता बिजली संकट से जूझते रहे।
भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली कटने से लोगों की नींद हराम हो गई। पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक उपकरण बंद होने से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति कुछ मिनटों के लिए बहाल होती है और फिर अचानक कट जाती है, जिससे पूरी रात लोग परेशान रहते हैं। बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। आरोप है कि विभाग समय पर बिजली बिल वसूलने में सक्रिय रहता है, लेकिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है।


