काकोरी में नहर किनारे पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव

लखनऊ। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम बहरू में सोमवार को एक व्यक्ति का शव नहर किनारे नीम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संतकुमार धानुक (55 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मंगली, निवासी ग्राम बहरू, थाना काकोरी के रूप में हुई है। उनका शव गांव के बाहर नहर के किनारे स्थित एक नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक शराब पीने का आदी था तथा उसकी पत्नी का लगभग पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें पुत्री का विवाह हो चुका है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि संतकुमार लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इसी कारण मानसिक तनाव में रहते थे। घटनास्थल की परिस्थितियों तथा अब तक प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक के परिजनों ने लिखित रूप से अवगत कराया है कि उन्हें मृत्यु के संबंध में किसी प्रकार का कोई संदेह या शिकायत नहीं है तथा वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार किए जाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।


