लखनऊ

बंथरा में पड़ोसी विवाद ने ली बुजुर्ग महिला की जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

लखनऊ। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम मवई पड़ियाना में पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। छत पर हुई पत्थरबाजी के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 75 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
मृतका की पहचान सियावती रावत (75 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय लक्ष्मी प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों द्वारा जानबूझकर की गई पत्थरबाजी में महिला को निशाना बनाया गया, जिससे उनकी मौत हुई। परिजन इसे सीधे तौर पर हत्या की घटना बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजेन्द्र और उनके पड़ोसी धर्मेन्द्र, गोविन्द तथा पंचम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अपनी छत से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। छत पर मौजूद सियावती रावत के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना में राजेन्द्र भी घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। वहीं मृतका के परिजनों का कहना है कि यह केवल आपसी विवाद नहीं बल्कि सुनियोजित हमला था, जिसके कारण एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
उधर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सभी लोग शाम के समय शराब पीकर गांव लौटे थे, जिसके बाद आपसी कहासुनी और विवाद हुआ। पुलिस ने घटना में नामजद आरोपित धर्मेन्द्र, गोविन्द और पंचम को हिरासत में ले लिया है। इनमें से धर्मेन्द्र अस्पताल में भर्ती है, जहां पुलिस निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हालांकि मृतका के परिजन इस मामले में हत्या की धाराओं में कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button