लखनऊ

बिजली की आंख-मिचौली से जनता त्रस्त, रातभर जागने को मजबूर लोग

लखनऊ। राजधानी के पारा क्षेत्र अंतर्गत कुमारपुरम, रजा नगर, पारा रोड और राम विहार में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार हो रही बिजली की आवाजाही से क्षेत्रीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दिन के मुकाबले रात के समय बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या अधिक बढ़ जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार रात होते ही बिजली आंख-मिचौली का खेल शुरू कर देती है। कभी कुछ मिनटों के लिए बिजली आती है तो फिर अचानक चली जाती है। इस वजह से लोगों की नींद खराब हो रही है और दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। गर्मी और उमस के बीच बिजली की लगातार कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। बिजली न रहने से पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे घरों में घुटन भरा माहौल बन जाता है। कई परिवारों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
क्षेत्रीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्या लगातार बनी हुई है। शिकायतों के बावजूद न तो कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है और न ही जनता को सही जानकारी दी जा रही है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि कुमारपुरम, रजा नगर, पारा रोड और राम विहार क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनहित में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button