लखनऊ के नगराम में लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, युवती गंभीर रूप से घायल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम देवती में सोमवार को एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना नगराम पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा संयुक्त प्रयास से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया।
पुलिस के अनुसार यूपी-112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम देवती के बाहर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि फैक्ट्री लाइसेंसधारक मोहम्मद शफीक पुत्र मोहम्मद लतीफ (26 वर्ष), निवासी ग्राम देवती की है। विस्फोट की घटना में मारिया पुत्री मोहम्मद इस्लाम (22 वर्ष), निवासी ग्राम देवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल, लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं मोहित पुत्र राम बहादुर (16 वर्ष), निवासी ग्राम देवती को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल के आसपास कोई घनी आबादी नहीं है और अब तक किसी अन्य जनहानि की सूचना नहीं मिली है। पुलिस एवं संबंधित विभाग विस्फोट के कारणों की जांच में जुटे हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य तथ्यों का संकलन किया जा रहा है।



