नगराम में पुजारी की त्रिशूल घोपकर हत्या

लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के समेसी का मजरा महुली गांव से बाहर सूनसान स्थान पर निर्मित नटबीर बाबा मंदिर के पास झोपड़ी के बाहर रात को सोते समय झाड़फूंक करने वाले 45 वर्षीय पुजारी बाबा की चेहरा कूच कर व त्रिसूल से गोदकर अज्ञात बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी। उसका शव खून से लथपथ नग्नावस्था में चारपाई पर पड़ा मिला। रविवार सुबह बकरी चराने गये एक ग्रामीण द्वारा मंदिर के पास शव देखकर मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के छोटे भाई के द्वारा दी गयी सूचना के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नगराम पुलिस द्वारा शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया । इंस्पेक्टर नगराम के अनुसार नगराम के सलेमपुर अचाका गांव का मूल निवासी राजेश कुमार रावत अपनी पत्नी शीला व तीन लड़कियों शिवानी शालिनी व सुहानी लड़का विपिन व नितिन को गांव में ही छोड़कर समेसी का मजरा महुली गांव से बाहर नटबीर बाबा मंदिर के पास झोपड़ी बनाकर करीब छह वर्ष से रह रहा था। यहीं पर वह झाड़फूंक का काम करता था। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार के दिन नटबीर बाबा के मंदिर पर गांजा चिलम चढ़ा कर मन्नत मांगने लोग एकत्र होते थे। शनिवार की रात पुजारी बाबा राजेश कुमार रावत रोज की तरह खाना पीना खाकर झोपड़ी के बाहर चारपाई पर सो गये।शरीर पर केवल भगवा रंग का अंचला (लुंगी) पहन रखा था। बाबा का त्रिशूल भी साथ में रखा हुआ था। रविवार की सुबह सलेम पुर अचाका गांव निवासी मोहर्रम अली अपनी बकरियां चराते चराते जब नटबीर बाबा मंदिर के पास पहुंचे तो राजेश का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा मिला। चेहरा कूच कर विक्षत कर दिया गया था, त्रिशूल के कई घाव शरीर पर देख बदहवास हालत में भाग कर वह गांव पहुंचा, वहां मृतक के परिजनों को घटना के बाबत जानकारी दिया। मृतक के छोटे भाई अजय कुमार की सूचना पर थाना प्रभारी नगराम शमीम खान सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी, इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे समेत सर्विलांस एवं फोरेंसिक सहित डाग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची। काफी छानबीन के बावजूद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सका। एसीपी मोहनलाल गंज धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का कुछ पता नहीं लग सका है। आशनाई सहित कई अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक बाबा राजेश तीन भाई थे। बड़ा भाई रघुनाथ व छोटा अजय हैं। मृतक के परिवार में पत्नी शीला लड़की शिवानी शालिनी सुहानी व दो लड़के विपिन व नितिन हैं । मृतक के पिता मैकूलाल ने बताया कि उसके पास कुल एक बीघा जमीन है। जिसे तीनों भाइयों में बराबर-बराबर बांट दिया है सभी भाई अपने परिवार संग अलग-अलग रह रहे हैं। उसका मंझला बेटा राजेश करीब छह वर्ष पूर्व से घर परिवार छोड़ कर समेसी के महुली गांव से बाहर नटबीर मंदिर पर बाबा बनकर रहने लगा था उसकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। नटबीर मंदिर के पुजारी राजेश बाबा की हत्या की खबर लगते ही क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गयी घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया।जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पत्नी व बच्चे विलाप करते रहे।



