लखनऊ

मोहर्रम की शबील में अलीगंज अग्निकांड के 15 मासूमों को श्रद्धांजलि, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

लखनऊ। मोहर्रम के पवित्र महीने में इमाम हुसैन (अ.स.) की शहादत और कर्बला की प्यास की याद में अमायरा फाउंडेशन द्वारा आयोजित शबील में अलीगंज अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 मासूम बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बच्चों की तस्वीरें लगाकर मोमबत्तियां जलाई गईं और उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई।

अमायरा फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी रियाज़-उल-हक़ ने कहा कि मोहर्रम त्याग, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अलीगंज हादसे में असमय काल का ग्रास बने मासूम बच्चों की याद में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए हैं। साथ ही अल्लाह से दुआ की गई कि दिवंगत बच्चों को जन्नतुल फिरदौस में उच्च स्थान प्रदान हो तथा उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिले।

उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही रिहायशी इलाकों में बिना सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

अमायरा फाउंडेशन के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता अब्दुल वाज़े ने कहा कि अलीगंज अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही का परिणाम प्रतीत होता है। दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, जिससे भविष्य में ऐसी लापरवाही करने वालों के लिए सख्त संदेश जाए।

उन्होंने कहा कि 8वीं मोहर्रम का दिन इमाम हुसैन के इंसाफ, मानवता और मजलूमों के साथ खड़े होने के संदेश को याद दिलाता है। इसी भावना के तहत अमायरा फाउंडेशन ने ‘सबीले इमाम हुसैन’ का आयोजन किया है। संस्था के स्वयंसेवक अज़ादारों की सेवा के साथ-साथ प्रशासन और पुलिस का सहयोग कर रहे हैं, ताकि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण माहौल कायम रहे।

समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सोमैय्या राणा ने कहा कि अलीगंज अग्निकांड ने पूरे देश को दुखी और आहत किया है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे बड़े अग्निकांडों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार न होना चिंता का विषय है। ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अमायरा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button