नाका में तैनात सब इंस्पेक्टर अजय पांडेय का हार्ट अटैक से निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

लखनऊ। राजधानी के नाका थाना क्षेत्र स्थित चारबाग चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर अजय पांडेय का रविवार सुबह हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 1987 बैच के सब इंस्पेक्टर अजय पांडेय अपने मूल निवास गऊ घाट, वाराणसी गए हुए थे। रविवार सुबह अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके चलते उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही सहकर्मियों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया।
अजय पांडेय अपने सौम्य, सरल और मृदुभाषी स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वह हमेशा सहकर्मियों और आमजन के बीच मुस्कुराते हुए नजर आते थे। उनकी सकारात्मक सोच और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण उन्हें नाका क्षेत्र में पुलिस विभाग का “ब्रांड एंबेसडर” भी कहा जाता था। उनकी कार्यशैली और व्यवहार ने उन्हें पुलिस कर्मियों के साथ-साथ क्षेत्रीय जनता के बीच भी लोकप्रिय बनाया था।
परिवार में वह अपनी पत्नी, तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रविवार शाम वाराणसी में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सब इंस्पेक्टर अजय पांडेय के निधन पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अजय पांडेय एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और व्यवहार कुशल अधिकारी थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।



