लखनऊ

मलिहाबाद में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, पत्नी व दो पुत्र हिरासत में

लखनऊ। थाना मलिहाबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। नवीनगर नहर के पास पलटे हुए ई-रिक्शा में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 09:00 बजे सूचनाकर्ता प्रमोद रावत निवासी ग्राम खड़ता द्वारा थाना मलिहाबाद पुलिस को सूचना दी गई कि नवीनगर नहर के पास एक ई-रिक्शा पलटा हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना स्थानीय पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक की पहचान अर्जुन पाल पुत्र स्वर्गीय डोरी लाल, निवासी ग्राम खड़ता, थाना मलिहाबाद, जनपद लखनऊ, उम्र लगभग 50 वर्ष के रूप में हुई। घटना के संबंध में मृतक के भाई मुन्नू लाल पाल द्वारा थाना मलिहाबाद में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि अर्जुन पाल की हत्या उसकी पत्नी श्रीमती शिवरानी तथा उसके दोनों पुत्र रूप लाल पाल एवं रविंद्र पाल द्वारा घर में ही की गई। हत्या के बाद शव को ई-रिक्शा में डालकर नहर किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। वादी के प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना मलिहाबाद में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्यवाही एवं अन्य आवश्यक विधिक प्रक्रिया प्रचलित है। घटना में नामजद तीनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की गहन विवेचना की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button