लखनऊ

संदीप सिंह हत्याकांड में STF को बड़ी सफलता, एक लाख का इनामी गंगाराम यादव गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से दबोचा गया।

गौरतलब है कि 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

जांच के दौरान एसटीएफ पहले ही मामले के मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं फरार चल रहे आरोपी गंगाराम यादव पर पुलिस द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने हत्याकांड में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बताया कि उसने शूटरों की व्यवस्था कराने में मदद की थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने यह कार्य दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर किया था।

गंगाराम यादव मूल रूप से जनपद अम्बेडकरनगर का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए थाना पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा हत्याकांड से जुड़े शेष तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button