
लखनऊ। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र के मदारपुर पुरैना गांव में सड़क किनारे मिले महिला के खून से लथपथ शव के मामले में अब ग्रामीणों ने अवैध संबंधों को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 30 से 35 वर्ष आयु की महिला का शव अस्त-व्यस्त और लहूलुहान हालत में मिला था। सूचना पर काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंधों से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



