
लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति ने बुजुर्ग और उनके पौत्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनके पौत्र का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मदन बिहारी तिवारी (70) निवासी भरतनगर अपने 19 वर्षीय पौत्र संकल्प तिवारी के साथ बाइक से जा रहे थे। सीतापुर रोड स्थित कृष्ण लोक कॉलोनी के सामने देशी शराब के ठेके के पास उनकी बाइक एक व्यक्ति की बाइक से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने चाकू निकालकर मदन बिहारी तिवारी और उनके पौत्र संकल्प तिवारी पर हमला कर दिया। चाकू लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मदन बिहारी तिवारी की मौत हो गई। संकल्प तिवारी का उपचार जारी है। स्थानीय लोगों ने घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान राज कुमार उर्फ मलाई (करीब 40 वर्ष) के रूप में की है। बताया गया कि वह फिलहाल केशवनगर में मार्कण्डेय धर्मशाला के आसपास रहता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।



