अपराधबड़ी खबर

“प्रॉपर्टी के लिए हत्या की साजिश: दो वकीलों समेत 6 गिरफ्तार, 2 लाख में दी थी सुपारी”

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना पुलिस ने मदरसा संचालक इरफान अहमद रिजवी की हत्या की कथित साजिश का खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मदरसे और उससे जुड़ी संपत्ति पर कब्जा करने के उद्देश्य से हत्या की सुपारी दी थी। हत्या के लिए दो लाख रुपये में सौदा तय होने की बात पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को हजरतगंज पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे मो. शाहिद और मो. जमीर को अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें अमन कुरैशी ने एक व्यक्ति की हत्या के लिए सुपारी दी थी और हथियार भी उपलब्ध कराया था।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 21 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे लक्ष्मण मेला पार्क से अमन कुरैशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अमन ने कथित तौर पर बताया कि सोहैल अहमद सिद्दीकी और मो. फरहान सिद्दीकी ने इरफान अहमद की हत्या के लिए लड़कों की व्यवस्था करने को कहा था। पुलिस के मुताबिक, इरफान की फोटो आरोपियों को पहचान के लिए दी गई थी और घटना के बाद पहचान छिपाने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल तथा अलग मोबाइल-सिम की व्यवस्था की गई थी।

पुलिस का दावा है कि हत्या की योजना करीब एक महीने पहले से बनाई जा रही थी। वारदात को अंजाम देने के लिए इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास से पैशन प्लस मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इसी बाइक से आरोपी कथित तौर पर रेकी कर रहे थे।

जांच में तीन अन्य आरोपियों सोहैल अहमद सिद्दीकी, मो. फरहान सिद्दीकी और बिलाल हाशमी के नाम सामने आए। तीनों को 21 अगस्त को करीब 10:45 बजे बैकुंठधाम बंधा रोड के नीचे बने मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, बिलाल हाशमी मदरसा जामिया अलनूर अल सलामिया, मकबूल नगर फरीदीपुर का मैनेजर है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता है। पुलिस का दावा है कि उसे इरफान अहमद की संपत्तियों और मदरसे से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी थी। पूछताछ में कथित तौर पर यह बात सामने आई कि संपत्ति हथियाने के उद्देश्य से इरफान अहमद की हत्या की योजना बनाई गई थी।

पुलिस ने इस मामले में अमन कुरैशी, सोहैल अहमद सिद्दीकी, मो. फरहान सिद्दीकी, बिलाल हाशमी, मो. शाहिद और मो. जमीर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ हजरतगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस और चोरी की पैशन प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में थाना गाजीपुर में भी मुकदमा दर्ज बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में धारा 3(5), 303(2), 317(2), 61(2)(क), 62, 308(6) बीएनएस तथा धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button