लखनऊ

लखनऊ में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: बैंक के बाहर पत्नी, घर में बहन की हत्या के बाद युवक ने खुद को मारी गोली

गोमतीनगर में दिनदहाड़े वारदात से दहला शहर, पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी और बहन को मारी गोली, फिर की आत्महत्या

लखनऊ। राजधानी लखनऊ का पॉश इलाका गोमतीनगर गुरुवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से दहल उठा। पारिवारिक विवाद में मानस नाम के युवक ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा, जो ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थीं, को बैंक के बाहर बुलाकर गोली मार दी। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली।

बताया जा रहा है कि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दिव्या मिश्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घर पहुंचने पर बहन की हत्या किए जाने की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए। बहन का नाम अभी सामने नहीं आया है।

एक के बाद एक हुई तीन गोलीकांड की घटनाओं ने पूरे गोमतीनगर में सनसनी फैला दी। महज कुछ ही समय के भीतर एक परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है। हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी और मानस ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी पुलिस गहन जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतिका दिव्या मिश्रा पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button